सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट की वैधता को लेकर नियमों में बदलाव किया है। केंद्रीय मोटर वाहन अधिनियम 1989 में 16वें संशोधन के तहत 19 नवंबर को अधिसूचना जारी की गई। नए नियमों में वाहनों के एमिशन स्टैंडर्ड, उम्र और कैटेगरी के आधार पर नवीनीकरण की अलग-अलग समय-सीमाएं तय की गई हैं।

अधिसूचित 'केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026' के अनुसार, BS-VI मानकों वाली निजी गाड़ियों के लिए 6 साल तक पुराने वाहनों का PUC प्रमाणपत्र 3 साल के लिए मान्य होगा। 6 साल से अधिक लेकिन 10 साल तक पुराने वाहनों का नवीनीकरण हर साल कराना होगा, जबकि 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर 6 महीने में नवीनीकरण जरूरी होगा।

BS-VI मानकों वाले कमर्शियल वाहनों के लिए 6 साल तक पुराने वाहनों का प्रमाणपत्र 2 साल के लिए मान्य रहेगा। 6 साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों का सालाना नवीनीकरण कराना होगा, वहीं 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के प्रमाणपत्र हर 6 महीने में नवीनीकृत कराने होंगे।

संशोधित नियमों में पुराने उत्सर्जन मानकों वाली गाड़ियों के लिए कम वैधता अवधि तय की गई है। BS-I, BS-II और BS-III मानदंडों को पूरा करने वाले वाहनों का PUC प्रमाणपत्र 3 महीने के लिए मान्य होगा, जबकि BS-IV मानदंडों वाले वाहनों का प्रमाणपत्र 6 महीने के लिए मान्य रहेगा।