नई दिल्ली: विदेशी निवेशकों ने नवंबर में भारतीय बाजार में 1.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक की नेट खरीदारी की है, जो एफआईआई इनफ्लो के मामले में अब तक का सबसे अच्छा महीना है। एनएसडीएल और एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस महीने 112095.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे पहले सितंबर और अक्टूबर में उन्होंने करीब 70,000 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी, जिससे इस साल उनकी नेट सेलिंग करीब 3 लाख करोड़ रुपये से घटकर 1.8 लाख करोड़ रुपये रह गई।
कुछ महीने पहले तक विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा निकालकर एआई शेयरों में लगा रहे थे, लेकिन नवंबर में स्थिति बदल गई। एआई शेयरों में गिरावट के बाद विदेशी निवेशक अब भारत का रुख कर रहे हैं। इसी वजह से नवंबर में अब तक भारतीय बाजार दुनिया में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला बड़ा स्टॉक मार्केट है। इस दौरान निफ्टी में 10 फीसदी से ज्यादा और सेंसेक्स में करीब 11 फीसदी की तेजी आई है।
तुलनात्मक रूप से ताइवान में 16 फीसदी, साउथ कोरिया के कोस्पी में 9 फीसदी, नैसडैक और निक्केई में 7 फीसदी से ज्यादा और एसएंडपी 500 में 5 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई, जबकि हैंग सेंग और शंघाई कंपोजिट में चार फीसदी की गिरावट आई।
भारतीय बाजार में तेजी के कई कारण बताए जा रहे हैं। कंपनियों की कमाई में सुधार हुआ है, कच्चे तेल की कीमत कम हुई है, रुपया मजबूत हुआ है और ग्लोबल पोर्टफोलियो पोजीशनिंग में शिफ्ट देखने को मिली है। कच्चा तेल लगभग 92 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रह गया है, जबकि डॉलर के मुकाबले रुपया 96.96 के लो लेवल से मजबूत होकर 93.44 पर आ गया। गोल्डमैन सैश का कहना है कि 2027 तक निफ्टी 28,500 अंक तक जा सकता है। इनवेस्टमेंट बैंक के मुताबिक भारत की मजबूत घरेलू मांग, कमाई में सुधार, एक दशक में सबसे कम फॉरेन पोजीशनिंग और एआई शेयरों में गिरावट ने भारतीय मार्केट को एक बार फिर बेहद आकर्षक बना दिया है।
