पटना के कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’ में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किचन में गंदगी पाई गई और साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य संरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं मिली। टीम ने प्रतिष्ठान से 10 किलो सड़ा चिकन बरामद कर उसे नष्ट किया। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है।
खाद्य संरक्षा इकाई लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार जांच कर रही है। पिछले तीन महीनों में 9 नवंबर तक कुल 667 दुकानों, होटलों और रेस्तरां का निरीक्षण किया गया। मानकों का पालन नहीं करने पर 51 दुकानों को सुधार नोटिस जारी किया गया, 9 दुकानों के लाइसेंस रद्द किए गए और 15 के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में होटल गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्रा एक्सोटिका, द पनाश होटल, मौर्या होटल और लेमन टी का निरीक्षण किया गया। इन पांचों प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर चिह्नित कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया। जांच में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखने, भंडारण में पहले आए या पहले समाप्त होने वाले उत्पादों के उपयोग को सुनिश्चित नहीं करने, जल जांच और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्रों की अनुपलब्धता जैसी कमियां सामने आईं।
पाटलिपुत्रा एक्सोटिका में उपयोग की अंतिम तिथि पार कर चुके खाद्य उत्पाद मिलने पर उन्हें नष्ट किया गया। द पनाश होटल में लगभग 10 किलोग्राम चिकन मानव उपभोग के योग्य नहीं पाए जाने पर जब्त कर नष्ट किया गया, साथ ही अंतिम तिथि अंकित न होने के कारण ब्रेड के छह पैकेट भी नष्ट किए गए। मौर्या होटल में कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, जल निकासी, ढके हुए कूड़ेदान और कुछ डीप फ्रीजर की स्थिति को लेकर कमियां दर्ज की गईं।
एस.पी. वर्मा रोड स्थित पिस्ता हाउस से ड्राइड चेरी, ड्राइड पाइनएप्पल, ड्राइड जिंजर और खजूर सहित कई खाद्य सामग्रियां जब्त की गईं, जबकि अंतिम तिथि पार कर चुके तंदूरी मसाला के 66 और गरम मसाला के 51 पैकेट नष्ट किए गए। पाइरेट्स ऑफ ग्रिल से लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और सोंठ पाउडर जब्त किए गए तथा बर्गर किंग से सॉस और मेयोनीज के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। अनिशाबाद, न्यू बाइपास स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज से पैकिंग तारीख अंकित न होने के कारण 6 लाख 35 हजार रुपये मूल्य का 1,270 किलोग्राम खजूर जब्त किया गया और 13 लाख 29 हजार 200 रुपये मूल्य की 2,140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई।
