हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा आत्मविश्वास से भरा हो और जीवन की चुनौतियों का सामना कर सके। पीडियाट्रिशियन डॉ. रवि मलिक के अनुसार, बच्चे का कॉन्फिडेंस बढ़ाने के लिए केवल तारीफ और मोटिवेशन काफी नहीं है, बल्कि माता-पिता को अपनी कुछ आदतों और व्यवहार पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने तीन जरूरी सलाह दी हैं।

पहली सलाह में डॉ. मलिक कहते हैं कि बच्चे की कभी झूठी तारीफ न करें। जब वह किसी काम के लिए तारीफ का हकदार हो, तभी उसकी सराहना करें। दूसरी बात, बच्चे की कभी दूसरों से तुलना न करें, चाहे वे पड़ोसी, दोस्त हों या भाई-बहन। उससे यह न कहें कि दूसरा बच्चा स्पोर्ट्स, डांस या पेंटिंग में अच्छा है, लेकिन वह नहीं है। ऐसा कहने से बच्चे का आत्मविश्वास टूट सकता है और उसके मन में हीनभावना पैदा हो सकती है।

तीसरी सलाह में डॉ. मलिक कहते हैं कि बच्चे के हर सवाल को ध्यान से सुनें और उनका जवाब दें। उसे अपनी बात कहने का मौका दें, बार-बार टोकें नहीं और न ही डांटें-डपटें। उनके मुताबिक, माता-पिता यह भी ध्यान रखें कि बच्चे का कॉन्फिडेंस खोखला न हो। इसके लिए उसे स्किल्स सिखाएं और किसी न किसी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करें, जैसे स्पोर्ट्स, पढ़ाई, मैथ्स या डांसिंग। जब बच्चा किसी काम में अपनी स्किल बेहतर करेगा और अच्छा प्रदर्शन करेगा, तो उसका आत्मविश्वास भी मजबूत होगा।

सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली में लीड कंसल्टेंट- पीडियाट्रिक्स और नियोनेटोलॉजी डॉ. विशाल जैन का कहना है कि बच्चों में आत्मविश्वास जगाने की शुरुआत घर से होती है। माता-पिता केवल नतीजों पर ध्यान देने के बजाय बच्चों की कोशिशों की सराहना करें और उन्हें नई चीजें आजमाने, उम्र के हिसाब से फैसले लेने और बिना डरे गलतियों से सीखने के लिए प्रोत्साहित करें। उनके अनुसार, बच्चों की तुलना न करें, क्योंकि हर बच्चे के विकास की गति अलग होती है। बच्चों को छोटी-छोटी जिम्मेदारियां देने और उम्र के हिसाब से समस्याएं खुद सुलझाने का मौका देने से उनमें आत्मनिर्भरता बढ़ती है। सबसे जरूरी बात यह है कि माता-पिता खुद एक मिसाल बनें, क्योंकि बच्चे बड़ों को देखकर ही सीखते हैं कि चुनौतियों और असफलताओं का सामना कैसे करना है।