महाराष्ट्र के खारडी गांव में देवयानी घरत ने तीन साल में 80 हजार मैंग्रोव पौधे लगाकर 20 हेक्टेयर क्षेत्र में जंगल खड़ा किया है। यह काम महाराष्ट्र फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मैंग्रोव सेल की परियोजना के तहत हुआ, जिसमें देवयानी और उनके पति संतोष ने मदद की।
मैंग्रोव पौधों को अक्सर खरपतवार समझा जाता है, लेकिन ये समुद्री पेड़ और झाड़ियां हैं जिनकी जड़ें पानी में जाल की तरह फैलती हैं। ये तटों की रक्षा करते हैं और पर्यावरण के लिए उपयोगी होते हैं। इनकी संख्या घटने से तटों को नुकसान पहुंच सकता है, जिसका असर आसपास रहने वाले लोगों की जिंदगी पर पड़ता है। महाराष्ट्र के खारडी गांव में यही समस्या हो रही थी, इसलिए देवयानी घरत ने इन पौधों को उगाने में मेहनत की।
यूनाइटेड डेवलपमेंट प्रोग्राम (UNDP) के अनुसार, गांव के किनारे मैंग्रोव पौधे खत्म हो रहे थे, जिससे खारा पानी तट से अंदर आ रहा था। इसका असर फसलों पर पड़ रहा था और कई जगह खेती की जमीन बंजर हो रही थी। महाराष्ट्र में ईसीआरआईसीसी परियोजना के राज्य परियोजना प्रबंधक विक्रम यादव और पालघर जिले के जिला समन्वय सहयोगी विकास गायकवाड़ ने अपनी रिपोर्ट में यही लिखा है। इसके बाद महाराष्ट्र फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मैंग्रोव सेल ने पौधे दोबारा उगाने के प्रयास शुरू किए और खारडी गांव के 20 हेक्टेयर हिस्से को चुना। इसके लिए जियोग्राफिकल इनफॉर्मेशन सिस्टम और फिजिकल सर्वे का सहारा लिया गया।
इस काम में सेरीओप्स टैगल, राइजोफोरा म्यूक्रोनाटा और ब्रुगुएरा सिलिंड्रिका नाम की तीन मैंग्रोव प्रजातियां चुनी गईं और इन्हें 1.5 मीटर की दूरी पर बोया गया। रिपोर्ट के मुताबिक इस काम से 45 लोगों को रोजगार भी मिला। इस प्रोजेक्ट में मदद करने वाले किसानों में देवयानी और उनके पति संतोष भी थे। संतोष रोज खजूर का पेड़ चढ़कर रिस्टोर किए गए एरिया को देखते हैं। देवयानी ने अपने प्रयासों से 80 हजार पौधों को बढ़ने में मदद की है। अब इन पौधों में से एक से महिलाएं मेसवाक ऑइल निकालती हैं, जो बाजार में बिकता है। यहां क्रैब फार्मिंग और फिश प्रोडक्ट भी बनाए जा रहे हैं, यानी यह काम रोजगार में भी आ रहा है।
