बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 21 से 25 दिसंबर तक लखनऊ में पांच दिवसीय हनुमान कथा सुनाएंगे। यह आयोजन डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में रोजाना दोपहर 2 बजे से होगा। कथा के मुख्य यजमान सरोजनीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और उनका परिवार हैं।
शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर लखनऊ और प्रदेशवासियों को आयोजन का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राम और श्याम की भूमि है और नवाबों के शहर लखनऊ में हनुमान जी का मंगलमय चरित्र गाया जाएगा। उन्होंने लोगों से घर-घर निमंत्रण पहुंचाने की अपील भी की।
बताया गया है कि पिछले करीब आठ वर्षों से लखनऊ में शास्त्री की कथा के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिल रही थी। इससे पहले यूपी में केवल प्रयागराज में एक बार उनकी कथा को मंजूरी मिली थी। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट से आयोजन का औपचारिक ऐलान किए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कथा को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इसके बाद राजधानी में आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
