श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों से बचने के लिए भट एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कई बार समझाने की कोशिश की और वीडियो कॉल पर भी उससे लंबी बातचीत की गई, लेकिन उसने आत्मसमर्पण से इनकार कर दिया। बाद में उसने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया।
एसएसपी अनायत अली ने बताया कि सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि लतीफ भट मस्जिद के अंदर छिपा है। इसके बाद पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क किया। एसएसपी ने खुद भट से काफी देर तक बातचीत की और उसे समझाया गया कि उसकी उम्र अभी बहुत कम है और जिंदगी अभी बाकी है। उसे हथियार डालकर बाहर आने के लिए कहा गया। पुलिस ने मस्जिद के बाहर से भी कई घोषणाएं कीं और आत्मसमर्पण की अपील दोहराई गई।
अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो कॉल के दौरान भट ने सरेंडर करने से इनकार करते हुए कहा कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह बहुत खुश है। एसएसपी अनायत अली ने बताया कि पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने और आत्मसमर्पण कराने की पूरी कोशिश की थी। चूंकि आतंकी मस्जिद के अंदर मौजूद था, इसलिए सुरक्षा बलों ने भी काफी संयम बरता।
रात करीब 2 बजकर 45 मिनट पर लतीफ भट ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद मुठभेड़ हुई और सुरक्षा बलों ने उसे मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।
