राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें मधुर डेयरी की दुकान में अचानक आग लगने से दुकान संचालक की जलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब साढ़े छह बजे हुई, जब दुकान के अंदर भट्टी चल रही थी और इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। मृतक की पहचान लेखराज के रूप में हुई है, जो बारां जिले के भदाना गांव का रहने वाला था और दुकान खुद चलाता था।
आग लगते ही लपटों ने तेजी से पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर धुआं भर गया। हादसे के वक्त लेखराज दुकान के अंदर ही मौजूद था और आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। दुकान में दूध-डेयरी के सामान के साथ बेकरी का सामान भी रखा हुआ था। आसपास के लोगों ने आग बुझाने और दुकानदार को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण उसे बाहर निकाला नहीं जा सका।
सूचना मिलने पर नगर निगम के फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान का सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। भीमगंज मंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और लेखराज को एंबुलेंस की मदद से एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह गैस सिलेंडर बताई गई है, जबकि हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
