बिहार के कटिहार जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है कि पोठिया थाना क्षेत्र के समेली एनएच 31 पर बखरी मोड़ के पास ट्रक, टेम्पो और ट्रैक्टर की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए समेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पोठिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भिजवा दिया गया है।
मृतकों की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22 वर्ष), भीम कुमार साह (35 वर्ष) और बाजो कुमार साह (32 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान मनीष कुमार साह (24 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सभी युवक विष्णुचक गांव के रहने वाले हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई श्रीराम सिंह, एसआई राधेश्याम कुमार सहित बिहार पुलिस के जवान घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस ने ट्रक, ट्रैक्टर और टेम्पो को जब्त कर लिया है।
