देहरादून: पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में हंगामा करने के आरोप में धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से निकलने के बाद विधायक और उनके समर्थकों ने मंच पर नारेबाजी की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और तोड़फोड़ की। आरोप है कि इस दौरान पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने मेले को संबोधित किया। कार्यक्रम की समाप्ति पर मेला समिति अध्यक्ष और धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने समर्थकों राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और अन्य के साथ नारेबाजी की। पुलिस का कहना है कि मौके पर तैनात कर्मियों ने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी ओर से पुलिस कर्मियों और अन्य व्यक्तियों से धक्का-मुक्की की गई।
हरीश धामी ने इस पूरी घटना के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जौलजीबी मेले में उन्हें मुनस्यारी-धारचूला क्षेत्र की बात नहीं रखने दी गई। वहीं, इस घटना पर मुख्यमंत्री धामी का बयान भी सामने आया है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनावों में बार-बार मिल रही हार की वजह से निराश हैं और हताशा के कारण मानसिक संतुलन खो रहे हैं।
हरीश सिंह धामी पिथौरागढ़ जिले की धारचूला विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक हैं। 2012, 2014 और 2022 में वे धारचूला से कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधायक बने। 2014 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए अपनी सीट खाली कर दी थी, जिसके बाद उन्हें वन विकास निगम का अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री स्तर) बनाया गया था। हरीश धामी तेजतर्रार और मुखर विधायकों में गिने जाते हैं, जो कई मुद्दों को लेकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ हमलावर नजर आ जाते हैं।