पटना: बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर कुल 27 नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस संबंध में पार्टी के महासचिव और एमएलसी आफाक अहमद खान ने पत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ये संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी हैं।

जारी सूची के अनुसार पूर्व सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को ईबीसी प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि आफाक अहमद खान को मुख्यालय, उत्तर पूर्व और जम्मू-कश्मीर का महासचिव बनाया गया है। श्याम रजक को महाराष्ट्र, रामसेवक सिंह को झारखंड, कहकशां परवीन को महिला विंग, ई सुनील कुमार को दिल्ली, गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, राज सिंह मान को हरियाणा, मनीष कुमार वर्मा को ओडिशा, हर्षवर्धन सिंह को गोवा और राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय प्रवक्ता/मीडिया प्रकोष्ठ का महासचिव बनाया गया है।

इसके अलावा रमेश सिंह कुशवाहा को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी, अनिल प्रसाद हेगड़े को उत्तर पूर्व का सह प्रभारी और अशोक राम को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। रवींद्र प्रसाद सिंह को छत्तीसगढ़, विद्या सागर निषाद को मध्य प्रदेश, दयानंद राय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और संजय कुमार को कर्नाटक का सचिव बनाया गया है। उत्तर प्रदेश चुनाव को देखते हुए मंत्री श्रवण कुमार को भी संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने तीन राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के नामों की भी घोषणा की है। इनमें निखिल मंडल, विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल शामिल हैं।