इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस परिसर में मंगलवार सुबह खुदाई के दौरान एक पुरानी तिजोरी मिली है। परिसर में सड़क और दीवार बनाने का काम चल रहा था, इसी दौरान मजदूरों को मिट्टी में दबी तिजोरी दिखाई दी। तिजोरी मिलने के बाद इसे सुरक्षित जगह पर रखवा दिया गया है और अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।

चौकीदार धर्मेंद्र यादव के मुताबिक लालबाग पैलेस में सड़क निर्माण और सफाई का काम चल रहा था। खुदाई के दौरान कर्मचारियों को जमीन में दबी तिजोरी मिली। मजदूरों ने इसकी सूचना चौकीदार को दी, जिसके बाद तिजोरी को बाहर निकलवाकर सुरक्षित जगह पर रखवाया गया।

तिजोरी मिलने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। कई लोग इसे होलकर राजघराने से जुड़ा बता रहे हैं, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तिजोरी कितनी पुरानी है और इसके अंदर क्या रखा है, इसकी जानकारी नहीं है। कुछ लोगों का अनुमान है कि इसमें पुराने दस्तावेज या कीमती सामान हो सकते हैं।

लालबाग पैलेस इंदौर की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है और इसका संबंध होलकर राजघराने से रहा है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही तिजोरी खोली जाएगी। जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह कितने साल पुरानी है, इसका राजघराने से कोई संबंध है या नहीं और इसमें कुछ सामान मौजूद है या नहीं।