वेलिंगटन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शतकवीर हेनरी निकोल्स का आसान कैच छोड़ दिया। न्यूजीलैंड की पारी के 74वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की तीसरी गेंद पर निकोल्स ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से बैकवर्ड स्क्वायर लेग की ओर गई। उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 223 रन था और निकोल्स 102 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।
वहां खड़े देवदत्त पडीक्कल ने कैच के लिए कॉल किया, लेकिन ऋषभ पंत गेंद की ओर दौड़ते चले आए। पडीक्कल थोड़ा रुके, फिर पंत भी रुके। बाद में पडीक्कल को एहसास हुआ कि कैच उन्हें ही पकड़ना है, लेकिन उनके हाथ बढ़ाने से पहले गेंद गिर गई।
कैच छूटने पर प्रसिद्ध कृष्णा ने हाथ से अपना मुंह ढक लिया। पडीक्कल ने पंत की ओर देखा, जबकि कप्तान गिल गुस्से में नजर आए, हालांकि उन्होंने किसी खिलाड़ी से कुछ नहीं कहा।
भारत ने शुरुआत में 70 रन पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन भेज दी थी। इसके बाद निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने 150 रन की साझेदारी कर कीवी टीम को मैच में वापसी दिलाई। कैच छूटने से यह जोड़ी क्रीज पर टिकी रही और न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर की ओर ले गई।
