गाजियाबाद नगर निगम श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के भव्य कॉरिडोर की योजना के तहत हिंडन विहार में करीब 8000 वर्ग मीटर जमीन पर 18 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला व्यापारिक परिसर बनाएगा। महापौर सुनीता दयाल ने गुरुवार को इसका शिलान्यास कर निर्माण शुरू कराया। परिसर में कुल 128 दुकानें बनेंगी, जिनमें 64 भूतल पर और 64 प्रथम तल पर होंगी। हर दुकान का आकार 4×6 मीटर रखा गया है। व्यापारियों की जरूरतों को देखते हुए नौ गोदाम भी बनाए जाएंगे। परिसर में पार्किंग और शौचालय की सुविधा भी रहेगी। नगर निगम के अनुसार निर्माण पूरा होने में करीब एक साल लगेगा।
मंदिर के आसपास कॉरिडोर के लिए हटाई जाने वाली दुकानों का चिह्नीकरण पहले ही किया जा चुका है। नया परिसर तैयार होने के बाद इन दुकानदारों को यहां दुकानें आवंटित की जाएंगी, जिससे कॉरिडोर निर्माण का रास्ता साफ होगा और प्रभावित व्यापारियों को कारोबार जारी रखने के लिए व्यवस्थित जगह मिल सकेगी।
महापौर ने बताया कि परिसर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ हिंडन विहार क्षेत्र में सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था पर भी काम होगा। इस दौरान महापौर ने परिसर के बराबर बने भगवान वाल्मीकि सभागार का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि सभागार को पहले कब्जे से मुक्त कराया गया था और अब निर्माण विभाग से संपत्ति विभाग को इसका हस्तांतरण कराया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने और रसीद व्यवस्था शुरू होने के बाद सभागार की बुकिंग आम लोगों के लिए खोली जाएगी।
