ग्रेटर नोएडा की जारचा कोतवाली में तैनात महिला दरोगा रश्मि गौतम की मौत हो गई। मंगलवार सुबह वह कोतवाली परिसर स्थित सरकारी आवास के बाथरूम में बेहोश पड़ी मिलीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार को सूचना दे दी गई है।
मूल रूप से कानपुर की रहने वालीं रश्मि गौतम 2023 बैच की दरोगा थीं और कोतवाली परिसर में बने आवास में रहती थीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह उनके पिता ने उन्हें कई बार फोन मिलाया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्होंने रश्मि की एक सहयोगी को फोन कर आवास पर जाकर पता लगाने को कहा। सहयोगी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन वह नहीं खुला, जिसके बाद थाना प्रभारी को जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो बाथरूम में महिला दरोगा फर्श पर अचेत पड़ी मिलीं। पुलिस के मुताबिक, शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक आने की संभावना जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के सही कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। युवा महिला सब इंस्पेक्टर की अचानक हुई मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
