छात्र राजनीति और युवाओं को केंद्र में रखकर बनी वेब सीरीज 'ढाई चाल' का ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया है। 1 मिनट 38 सेकेंड के इस ट्रेलर की शुरुआत इस सवाल से होती है कि स्टूडेंट्स को पॉलिटिक्स में पड़ना चाहिए या सिर्फ पढ़ना चाहिए। ट्रेलर में एक ओर यूनिवर्सिटी कैंपस की राजनीति दिखाई गई है, जहां गगन अरोड़ा और आदिल जफर खान के किरदार नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य की सत्ता के केंद्र में राजेश कुमार और परितोष सैंड के किरदार हैं।

ट्रेलर में कॉलेज कैंपस में विरोध प्रदर्शन के सीन से शुरुआत होती है। गगन अरोड़ा का किरदार मयूर भारद्वाज कैंपस की राजनीति में आगे बढ़ता है और छात्र नेता राघवेंद्र की एंट्री होती है, जिसे आदिल जफर खान निभा रहे हैं। दोनों पहले साथ मिलकर मुद्दों पर लड़ते हैं, लेकिन बाद में कहानी में मोड़ आता है, जब बात छात्र राजनीति से आगे बढ़कर सत्ता की राजनीति तक पहुंच जाती है। ट्रेलर में मुख्यमंत्री दफ्तर में शतरंज के मोहरों के बीच एक नए प्यादे के तौर पर मयूर को चुने जाने की बात दिखाई गई है और फूट डालो और शासन करो की तर्ज पर राघवेंद्र को मयूर के खिलाफ उकसाया जाता है। ट्रेलर का अंत इस बयान के साथ होता है कि स्टूडेंट्स को लगता है कि वे छात्र राजनीति कर रहे हैं, जबकि असल में ऊपर बैठे नेता उनसे यह करवाते हैं।

मेकर्स के मुताबिक, सीरीज में छात्र आंदोलन, मीडिया और राजनीति के गठजोड़ और सामयिक भारतीय राजनीति की जमीनी हकीकत को सामने रखा गया है। 'ढाई चाल' JioHotstar की नई पेशकश है, जो लेखक और रणनीतिकार नवीन चौधरी के बेस्टसेलर उपन्यास 'जनता स्टोर' पर आधारित है। शो के क्रिएटर रितेश शाह हैं। सतीश कुमकुमनाथ नायर और नव निर्माण सिंह ने सीरीज का डायरेक्शन किया है। फोकस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्माण भूषण सूरी, रितेश शाह और पार्थ सूरी ने किया है। सीरीज 27 नवंबर से स्ट्रीम होगी।

कास्ट में गगन अरोड़ा, आदिल जफर खान, अंकित सिवाच, अंजलि तत्रारी, राजेश कुमार, परितोष सैंड और ऋषिका लोकरे शामिल हैं। मेकर्स ने दो सीजन की योजना पहले से बना ली है। पहला सीजन उपन्यास 'जनता स्टोर' पर आधारित है, जबकि दूसरे सीजन का आधार उपन्यास 'ढाई चाल' है। पहले सीजन में विश्वविद्यालय और छात्र राजनीति का रंग है, जबकि दूसरे सीजन में कहानी कैंपस से निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की चुनावी राजनीति और गठबंधनों पर आधारित होगी।