पंजाब के डेराबस्सी के रहने वाले एक टिपर ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह ने पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर 2026 में 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है। उन्होंने 10 नवंबर को 500 रुपये का लॉटरी टिकट खरीदा था और उन्हें इसके बारे में एक दिन पहले पता चला। बलजिंदर सिंह हुमायूं पुर गांव के रहने वाले हैं और पेशे से टिपर ट्रक ड्राइवर हैं, साथ ही खेतीबाड़ी भी करते हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 साल से लगातार लॉटरी के टिकट खरीद रहे थे और उन्हें भगवान पर पूरा भरोसा था कि एक दिन उनकी किस्मत जरूर बदलेगी।
इस रकम से बलजिंदर सिंह अपने बच्चों का भविष्य बेहतर बनाना चाहते हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे, छोटा भाई और पिता हैं। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह टिपर ट्रक चलाते हैं और खेती भी करते हैं। अब इस बड़ी रकम से उन्हें अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की उम्मीद है।
लॉटरी लगने की खबर जैसे ही हुमायूं पुर गांव पहुंची, वहां जश्न का माहौल बन गया। गांव के लोग उन्हें और उनके परिवार को बधाई देने के लिए घर पहुंचने लगे और स्थानीय लोगों ने मिठाइयां भी बांटीं। बता दें कि पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी 2026 के लिए कुल 36 लाख टिकट छापे गए थे, जिनमें से 25 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री हुई थी। बलजिंदर सिंह ने इसी लॉटरी में पहला इनाम अपने नाम किया है।
