मुंबई: अजित पवार के विमान हादसे को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। रोहित पवार के आरोपों के बाद अब बीजेपी ने उन्हीं पर पलटवार किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इस साल जनवरी में हुए विमान हादसे के पीछे रोहित पवार से जुड़ी एक शुगर फैक्ट्री के प्रदूषण की भूमिका हो सकती है। पार्टी ने मामले की विस्तृत जांच की मांग की है।
महाराष्ट्र बीजेपी के प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि हादसे की जगह से करीब 6-7 किलोमीटर की दूरी पर रोहित पवार की एक शुगर फैक्ट्री स्थित है। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर हादसे की वजह कम विजिबिलिटी बताई गई थी, लेकिन अब यह जांच का विषय है कि विजिबिलिटी कम क्यों हुई थी। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता ने 6 मार्च को इस संबंध में पत्र लिखकर जानकारी दी थी।
बीजेपी प्रवक्ता ने सवाल किया कि क्या शुगर फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषण के कारण विजिबिलिटी कम हुई थी और क्या इसका हादसे से कोई संबंध था। पार्टी मुख्यमंत्री और संबंधित जांच एजेंसियों से इस मामले की जांच कराने की मांग कर रही है। नवनाथ बन ने यह भी कहा कि जांच एजेंसियों को इस पहलू की पड़ताल करनी चाहिए कि क्या रोहित पवार की इस मामले में कोई भूमिका थी।
गौरतलब है कि रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर विमान हादसे की जांच में रुकावट डालने का आरोप लगाया था। इसके बाद बीजेपी ने भी रोहित पवार के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बीजेपी ने एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार से सवाल किया था कि क्या वह रोहित पवार के आरोपों का समर्थन करते हैं। पार्टी ने रोहित पवार पर अजित पवार की राजनीतिक विरासत को अपने कब्जे में लेने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया था।
