बेंगलुरु के एक भारतीय रिसर्चर ने ऐसी तकनीक का पेटेंट हासिल करने का दावा किया है, जिसके जरिए बिना किसी परमाणु रिएक्टर या रेडियोएक्टिव प्रक्रिया के किसी तत्व का रूप बदला जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेस्टिंग में पारे से सोना, चांदी और अन्य धातुएं बनने के परिणाम सामने आए हैं। इस तकनीक को तैयार करने में 8 साल की मेहनत लगी है।
स्केलीन एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट, बेंगलुरु के निदेशक और मुख्य रिसर्चर राजा विजय कुमार ने ग्रेविटोरेडियोफिजिकल न्यूक्लियर ट्रांसम्यूटेशन यानी GNT नाम की तकनीक का पेटेंट हासिल किया है। उन्होंने इसके लिए 2017 में आवेदन किया था और करीब 8 साल बाद 2025 की दूसरी छमाही में पेटेंट मिला। इस तकनीक में परमाणु को न तो तोड़ा जाता है और न ही मिलाया जाता है, बल्कि यह खास फ्रीक्वेंसी पर काम करती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हर परमाणु के केंद्र में प्रोटॉन की संख्या उस तत्व की पहचान तय करती है। सोने में 79 और पारे में 80 प्रोटॉन होते हैं। पारे को सोने में बदलने के लिए उसके केंद्र से एक प्रोटॉन और एक इलेक्ट्रॉन हटाना जरूरी है, जो सामान्य रासायनिक प्रक्रिया से संभव नहीं है। कुमार की तकनीक में एक विशेष बूम ट्यूब रिएक्टर का इस्तेमाल होता है, जिसमें लगी एल्युमीनियम एलॉय की एंटीना हाई-फ्रीक्वेंसी तरंगें छोड़कर तत्व के इलेक्ट्रॉन और प्रोटॉन में बदलाव कर सकती है।
टेस्टिंग में मर्क्यूरिक सल्फेट और डिस्टिल्ड वॉटर के घोल को रिएक्टर से गुजारा गया। नतीजों में पहले सैंपल में 1.91 मिलीग्राम प्रति लीटर और दूसरे में 2.3 मिलीग्राम प्रति लीटर सोना पाया गया। सैंपल की जांच एक मान्यता प्राप्त लैब से कराई गई थी, लेकिन यह नहीं बताया गया कि कौन सा सैंपल प्रोसेस किया गया और कौन सा नहीं। सैंपल में 11 मिलीग्राम प्रति लीटर चांदी के अलावा मैग्नीशियम, मैंगनीज, फास्फोरस और जिंक जैसे तत्व भी मिले, जबकि पारे की मात्रा 33.45 ग्राम से घटकर 8.67 ग्राम रह गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजा विजय कुमार का मकसद सोना बनाना नहीं, बल्कि ऊर्जा, चिकित्सा, अंतरिक्ष और उद्योगों के लिए काम के तत्व तैयार करना है। रिसर्चर्स का यह भी कहना है कि सैंपल में सोना मिलने का मतलब यह नहीं है कि तकनीक बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के लिए तैयार है। इससे पहले स्वतंत्र प्रयोग और परमाणु संरचना की गहन जांच बाकी है।
