बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां (बाढ़) में होनी है। पटना से करीब 65 किलोमीटर दूर इस गांव में शादी की तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह ने खुद दावा किया है कि शादी में बतौर मेहमान करीब चार लाख लोग आएंगे। उन्होंने कहा है, "चार लाख से तो स्टार्टिंग है। अगर और लोग भी आएंगे तो उनके खाने का भी इंतजाम किया जाएगा। हमने इस शादी का न्योता हिंदुस्तान और पाकिस्तान में सबको भेजा है।" शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जीतने वाले को थार गाड़ी दी जाएगी। इस प्रतियोगिता की घोषणा अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने सोशल मीडिया पर की थी, जिसकी पुष्टि बाद में अनंत सिंह ने भी की।
शादी पर होने वाले खर्च के सवाल पर अनंत सिंह ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि उनके दोस्त और चाहने वाले सारा इंतजाम करते हैं। उन्होंने कहा, "हम खुद कुछ नहीं करते हैं। कोई शामियाना का खर्चा उठा लेगा, कोई कुछ और कर देगा। मेरे दोस्त पूरे देश में हैं।" इस तरह उन्होंने खर्च के सवाल को टाल दिया। मेहमानों की सूची पूछे जाने पर अनंत सिंह पत्रकारों से कहते नजर आए, "यहां सिनेमा जैसा टिकट नहीं लेना है, आप सब शादी में आइए।"
चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के पास कुल 100 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। 65 साल के अनंत सिंह 2005 से लगातार मोकामा से विधायक हैं; कुछ समय के लिए उनकी पत्नी नीलम देवी भी इस सीट से विधायक रही हैं। साल 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह के पास 26 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि नीलम देवी के पास 13 करोड़ रुपये की। नकदी के मामले में अनंत सिंह के पास 15 लाख रुपये और नीलम देवी के पास 34 लाख रुपये हैं। अनंत सिंह के पटना और बाढ़ में पांच बैंक खाते हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 12 बैंक खाते हैं।
हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह के पास दर्प कंस्ट्रक्शन नाम की कंपनी में 34.375 फीसदी शेयर हैं, जिनकी कीमत करीब 10.18 करोड़ रुपये है। नीलम देवी के पास राजनंदिनी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड और एसएसजीसी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के शेयर हैं, जिनका खरीद मूल्य 21 लाख 50 हजार रुपये है। उन्होंने लाइफ इंश्योरेंस में 37 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह ने अपनी पत्नी को आठ करोड़ 37 लाख रुपये का कर्ज दिया है, जबकि दूसरे लोगों को तीन करोड़ 75 लाख रुपये दिए हैं। नीलम देवी ने भी 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज दिया है। यानी इस दंपती ने कुल 22 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज दिया है। अनंत सिंह के पास तीन करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की गाड़ियां हैं, जिनमें 48 लाख रुपये की टोयोटा फॉर्च्यूनर भी शामिल है, जिसे 2024 में खरीदा गया था। उनके पास 2013 में खरीदी गई महिंद्रा एक्सयूवी 500 और 2015 में खरीदी गई दो करोड़ 70 लाख रुपये की लैंड क्रूजर भी है। नीलम देवी के पास इनोवा क्रिस्टा, महिंद्रा थार और फॉर्च्यूनर सिग्मा है। दंपती के पास कुल चार करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की गाड़ियां हैं। हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह के पास 150 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है, जबकि नीलम देवी के पास तकरीबन 700 ग्राम सोना और छह किलो चांदी है, जिसकी कीमत 71 लाख रुपये से ज्यादा है।
अचल संपत्ति की बात करें तो अनंत सिंह की 11 करोड़ रुपये की है, जबकि नीलम देवी के पास 49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। अनंत सिंह की खेती योग्य जमीन की कीमत 15 लाख रुपये है, जबकि नीलम देवी के पास इस तरह की जमीन की कीमत छह करोड़ रुपये से ज्यादा है। अनंत सिंह के पास गैर-खेती योग्य जमीन सिर्फ अपने गांव नदवां में है, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा है। नीलम देवी के पास पटना के पाटलिपुत्र, बंदर बगीचा, बिरला मंदिर और बोरिंग कैनाल रोड के अलावा उत्तर प्रदेश के जीबी नगर में भी जमीन है। कमर्शियल बिल्डिंग की बात करें तो अनंत सिंह के पास फ्रेजर रोड पर हसन मंजिल है, जिसकी मौजूदा कीमत तकरीबन 10 करोड़ र
