आगरा में एसीपी अमीषा सिंह के प्रदर्शनकारियों से कहे गए एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। दरअसल, शहर में एक वर्ग अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन-जुलूस निकाल रहा था। प्रदर्शनकारी प्रतिबंधित इलाके की तरफ रैली ले जा रहे थे, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे। नाराज लोगों को समझाने के लिए एसीपी सदर अमीषा सिंह मौके पर पहुंचीं और उन्हें शांत कराने की कोशिश करने लगीं।
इसी दौरान एक प्रदर्शनकारी ने उनसे कहा, 'बहनजी, हमारी बात तो सुनिए'। इस संबोधन पर एसीपी अमीषा सिंह भड़क गईं और उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे बहनजी नहीं हैं। इसके बाद प्रदर्शनकारी कहते रहे कि उनके लिए तो वे बहन जैसी ही हैं, जिस पर अधिकारी ने अपनी बात दोहराई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटा दिया गया। इसी वीडियो पर अब चर्चा गरमाई हुई है।
अमीषा सिंह 2022 की पीपीएस अधिकारी हैं और उनकी नियुक्ति डीएसपी रैंक की अधिकारी के तौर पर हुई थी। उनकी गिनती प्रदेश की तेज-तर्रार पुलिस अधिकारियों में होती है और वे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा में रही हैं। एसीपी आगरा के तौर पर यह उनकी पहली पोस्टिंग है, जिस दौरान उन्होंने बड़े मामलों में कार्रवाई की है।
अमीषा सिंह के पिता विनोद कुमार सिंह आईपीएस रहे हैं और उन्होंने यूपी पुलिस में अपनी सेवा दी है। 12 मई 1997 को जन्मी अमीषा सिंह मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली हैं।
