कपिल शर्मा के शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस उपासना सिंह ने इंडस्ट्री के कामकाजी हालात को लेकर कई कड़वे किस्से सुनाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि इंडस्ट्री में इंसानियत को कैसे नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने फिल्म सेट पर असुरक्षित कामकाजी हालात और कलाकारों को देर से मिलने वाले भुगतान से जुड़ी परेशानियों पर भी बात की।
उपासना सिंह ने एक कॉमेडी रियलिटी शो का किस्सा सुनाया, जहां वे जज थीं। उनके मुताबिक, एक कंटेस्टेंट भूख से बेहोश हो गया था। उन्होंने बताया कि उस वक्त डॉक्टर का इंतजाम करने या इलेक्ट्रल पाउडर जैसी बेसिक चीज मंगाने के बजाय मेकर्स कंटेस्टेंट की हालत रिकॉर्ड करने के लिए तुरंत कैमरा लाना चाहते थे। उनके अनुसार, मेकर्स यह जानना चाहते थे कि क्या वह भूख से गिरा था, ताकि ऑडियंस के लिए उसकी तकलीफ कैमरे में कैद की जा सके। उपासना ने कहा कि उस दिन उन्हें बहुत बुरा लगा और उन्होंने सोचा कि क्या हम इतने नीचे गिर गए हैं कि इंसानियत भूल गए और सिर्फ टीआरपी पर ध्यान दे रहे हैं।
एक्ट्रेस ने एक और घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक लाइटमैन ऊंचाई से गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि टेक्नीशियन अक्सर लाइटिंग के लिए ऊंचे प्लेटफॉर्म पर काम करते हैं और सेट पर तेज गर्मी हालात को और मुश्किल बना देती है। उनके मुताबिक, ऐसे हालात में लोगों को मरते हुए देखा गया और मेकर्स मृतक को एक तरफ करके शूटिंग जारी रखते रहे। उन्होंने कहा कि प्रोड्यूसर शूट में भारी पैसा लगाते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह निवेश किसी की जान से बड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक्टर की अचानक मौत होने पर अगले ही दिन उसकी जगह किसी और को ले लिया जाता है।
उपासना सिंह ने कलाकारों को देर से मिलने वाले भुगतान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि टेलीविजन सीरियल के लिए पेमेंट अक्सर 90 दिनों के बाद आता है, जबकि कुछ एक्टर्स को चार महीने या उससे भी ज्यादा इंतजार करना पड़ता है। उनके अनुसार, कुछ मामलों में शो ऑफ एयर होने पर प्रोड्यूसर एक्टर्स से तय पेमेंट का आधा ही लेने को कहते हैं और दावा करते हैं कि चैनल से उन्हें सिर्फ इतना ही मिला है। उन्होंने कहा कि मुंबई में परिवार के साथ रह रहे एक्टर के लिए ऐसे हालात संभालना मुश्किल होता है।
