सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में आयुष्मान खुराना और शर्वरी वाघ की जोड़ी दर्शकों को पसंद आ रही है। फिल्म की कहानी शादी से जुड़ी एक पुरानी परंपरा को अलग नजरिए से पेश करती है। आमतौर पर शादी के बाद लड़की अपना घर छोड़कर दूल्हे के घर जाती है, लेकिन इस फिल्म में दूल्हे के अपने परिवार के साथ लड़की के घर बसने की कहानी दिखाई गई है।

ट्रेलर में आयुष्मान खुराना प्रेम और शर्वरी पूर्वा के किरदार में हैं। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं, लेकिन पूर्वा अपने परिवार को छोड़कर ससुराल नहीं जाना चाहती। उसके परिवार में केवल महिलाएं हैं और वह उन्हें अकेला नहीं छोड़ सकती। यह मामला कोर्ट तक पहुंच जाता है। ट्रेलर में प्रेम कटघरे में खड़े होकर कहते हैं कि यह केस उनके पिता ने उनकी पत्नी के परिवार पर किया है।

प्रेम पूर्वा का साथ पाने के लिए अलग रास्ता निकालता है और शादी के बाद अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर रहने का फैसला करता है। इस फैसले से दोनों परिवार हैरान रह जाते हैं और साथ रहने के दौरान कई तरह की नोकझोंक भी शुरू हो जाती है। फिल्म में आयुष्मान और शर्वरी के अलावा अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, स्वानंद किरकिरे, सौम्या टंडन और सुरभि तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है और यह 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।