फिल्मकार साजिद नाडियाडवाला के बेटे सुभान बड़े पर्दे पर डेब्यू करने जा रहे हैं। उनके साथ रोहित रॉय की बेटी ऐराह भी बॉलीवुड में कदम रखेंगी। दोनों को लेकर 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' नाम की फिल्म का ऐलान हुआ है, जिसे शशांक खेतान निर्देशित करेंगे। मेकर्स ने बताया है कि फिल्म 9 जुलाई 2027 को रिलीज होगी।

'किक', 'बागी', 'जुड़वा' और 'जुड़वा 2' जैसी फिल्मों का निर्माण करने वाले साजिद नाडियाडवाला के बेटे सुभान अब बड़े पर्दे पर डेब्यू करने की तैयारी में हैं। उनके अपोजिट रोहित रॉय की बेटी ऐराह नजर आएंगी। फिल्म का टाइटल 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' रखा गया है और इसका निर्देशन शशांक खेतान करेंगे।

शशांक खेतान ने 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' और 'धड़क' जैसी फिल्मों से वरुण-आलिया तथा ईशान-जाह्नवी की जोड़ियां दी थीं। इस फिल्म को रोमांटिक रिवेंज ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें सुभान और ऐराह लीड जोड़ी के तौर पर दिखेंगे। मेकर्स के मुताबिक, कहानी एक रोमांटिक पल से शुरू होकर डार्क मोड़ लेती है। फिल्म का ऐलान करते हुए कहा गया कि ये दीवाने कुछ और तरह के हैं और कुछ और तरह की है इनकी दीवानगी। प्लॉट और किरदारों की डिटेल्स फिलहाल सीक्रेट रखी गई हैं।

फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा हो चुकी है। ऐलान के मुताबिक, 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' 9 जुलाई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहली झलक में समंदर किनारे कपल के बीच इंटेंस लव नजर आ रहा है, वहीं उनके कपड़ों पर खून के धब्बे भी दिख रहे हैं। इस झलक में अमाल मलिक की आवाज सुनाई दे रही है, जिसकी लोग तारीफ कर रहे हैं।