लखनऊ। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों की मैपिंग शुरू कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी पुलिस कमिश्नर, एसपी और डीएम को ऐसे बूथों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अनुसार, जिस बूथ पर 90 प्रतिशत मतदान हो या 75 प्रतिशत से अधिक वोट किसी एक उम्मीदवार को मिले हों, उसे वल्नरेबल माना जाएगा। वहीं 10 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथ भी इसी श्रेणी में गिने जाएंगे।
क्रिटिकल बूथ चिह्नित करने के आधार में पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पुनर्मतदान की स्थिति, मतदान प्रक्रिया में अनियमितता अथवा बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं, अनुपस्थित, शिफ्टेड एवं मृतक वोटरों का प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र के औसत से अधिक वोटर और संबंधित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की असामान्य स्थिति शामिल हैं। इसका उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों और वोटरों की पहचान करना है, जहां किसी व्यक्ति या समूह द्वारा वोटरों को वोटिंग से रोकने, डराने-धमकाने या प्रभावित करने की आशंका हो सकती है। इसके लिए ग्राम, मजरा और क्षेत्रवार ऐसे समूहों को चिह्नित किया जाएगा, जिन्हें मतदान के दौरान भय, दबाव अथवा किसी अन्य प्रकार की बाधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे लोगों को प्रभावित करने या डराने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जाएगी।
इस बीच, 17 नवंबर को प्रकाशित हो रही ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर सभी बीएलओ 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित करेंगे। सीईओ ने कहा है कि अभियान के दौरान लिस्ट की सूक्ष्मता से जांच एवं सत्यापन दो स्तरों पर होगा। पहले स्तर पर सभी बीएलओ अपने आवंटित बूथ की संपूर्ण वोटर लिस्ट की गहन जांच करेंगे, जबकि दूसरे स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर अपने क्षेत्र के सभी बूथों की वोटर लिस्ट का समग्र परीक्षण एवं सत्यापन करेंगे।
जांच में वोटरों के नाम, पिता अथवा पति के नाम, संबंधी के विवरण एवं आयु से संबंधित त्रुटियों की विशेष रूप से जांच की जाएगी। असामान्य रूप से अधिक आयु दर्ज होने के प्रकरणों को चिह्नित किया जाएगा। साथ ही वोटर के नाम एवं फोटो के अनुरूप जेंडर का सही उल्लेख और विवरण का भी सत्यापन किया जाएगा। रिणवा ने निर्देश दिए कि अस्पष्ट, धुंधली या अधोमानक गुणवत्ता वाली फोटो को चिह्नित किया जाए और वोटर लिस्ट में एक वोटर की एक से अधिक प्रविष्टियों अथवा समान विवरण वाली दोहरी प्रविष्टियों की भी गंभीरता से जांच की जाए। एक्सरसाइज के दौरान चिह्नित सभी त्रुटियों एवं विसंगतियों का विवरण व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की निर्धारित अवधि के दौरान नियमानुसार आवश्यक संशोधन की कार्यवाही की जा सके।
