लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों दूर हैं और टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर बीजेपी के 209 उम्मीदवारों की कथित सूची वायरल हुई। दावा किया गया कि प्रदेश नेतृत्व ने ये नाम तय कर केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिए हैं। पार्टी को प्रेस रिलीज जारी कर इसका खंडन करना पड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के संयुक्त बयान में कहा गया कि ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है।

टिकट की चर्चा पार्टी के भीतर कई समीकरणों को प्रभावित करती है। किसी मौजूदा विधायक का नाम संभावित सूची में न होना उसके समर्थकों के लिए टिकट कटने का संकेत माना जा सकता है, जबकि नए दावेदार के नाम सामने आने से मौजूदा विधायक असहज हो सकता है। ऐसी बातें संगठन के भीतर खेमेबाजी बढ़ा सकती हैं। बीजेपी यूपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, इसलिए एक गलती भारी पड़ सकती है।

टिकट बंटवारा चुनाव नतीजों को प्रभावित करने वाला बड़ा फैक्टर होता है। सिर्फ बेहतर उम्मीदवार ही नहीं, टिकट बंटवारे के बाद गुटबाजी न हो, यह भी अहम है। पिछले विधानसभा चुनावों में भी टिकट वितरण को लेकर पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुछ नेताओं में नाराजगी की खबरें आई थीं। इस बार पार्टी अलग-अलग स्तर पर फीडबैक जुटा रही है।

2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 में से बीजेपी को सिर्फ 33 सीटें मिली थीं, जबकि 2019 में पार्टी ने 62 सीटें जीती थीं। नतीजों के बाद हुई समीक्षा में कार्यकर्ताओं की नाराजगी, अग्निपथ योजना, पेपर लीक, बेरोजगारी और जातीय समीकरण जैसे मुद्दे सामने आए। इसके बाद स्थानीय नेताओं की पकड़ और संगठन की भूमिका पर सवाल और अहम हो गया। खंडन के बीच प्रदेश और केंद्र के बीच खींचतान जैसी चर्चाएं भी गर्म हैं।