देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं का निर्वाह किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। इसमें राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है तथा हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि भैलो खेलने, सामूहिक रूप से लोकगीत गाने और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से खुशियां बांटने की परंपरा में मनोरंजन के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सामूहिकता का भाव भी निहित है।
धामी ने कहा कि आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नई पीढ़ी को लोक परंपराओं तथा त्योहारों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी सहित प्रदेश के विभिन्न लोकपर्वों से जोड़ना होगा। उन्होंने लोक संस्कृति को केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित न रखकर घरों, गांवों और सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों की भी लोक संस्कृति को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को जन्मभूमि से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, पारंपरिक मेलों, लोकभाषाओं और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सभी पारंपरिक लोकपर्वों को उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाने तथा स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
