नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर शुरू हुए पहले टेस्ट में भारतीय टीम मैनेजमेंट के फैसले चर्चा में हैं। हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा। हरी-भरी पिच को देखते हुए भारत ने चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की रणनीति बनाई और सिराज की जगह युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मौका दिया।
सोनी स्पोर्ट्स से बात करते हुए पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस फैसले पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि जब सिराज टेस्ट टीम के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे तभी संकेत मिल गए थे, लेकिन आखिरी वनडे के बाद उन्हें लगा था कि सिराज को टेस्ट में खिलाया जाएगा। गावस्कर ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को निराश किया है। उन्होंने भारत को कभी निराश नहीं किया।'
गावस्कर ने स्पष्ट किया कि सिराज की फॉर्म या लय में ऐसी कोई गिरावट नहीं आई थी जिसके चलते उन्हें बाहर किया जाए। उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि सिराज की गेंदबाजी में कुछ भी गलत नहीं हुआ और उनकी लय अच्छी है। गावस्कर ने कहा, 'उन्हें क्यों नहीं चुना गया यह मुझे नहीं पता। मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि जिन खिलाड़ियों को उनसे पहले चुना गया है वे अच्छा प्रदर्शन करें।'
पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज में सिराज ने सर्वाधिक 23 विकेट लिए थे और द ओवल में खेले गए निर्णायक टेस्ट में 9 विकेट लेकर भारत को यादगार जीत दिलाई थी। टेस्ट डेब्यू के बाद से दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में सिराज भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं, जहां उन्होंने 23 टेस्ट में चार बार पांच विकेट समेत कुल 91 विकेट लिए हैं।
