नई दिल्ली में 45वां इंडिया इंटरनैशनल ट्रेड फेयर (IITF) 19 नवंबर से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। यह मेला 27 नवंबर तक चलेगा। मेले में जाने की योजना बना रहे लोगों के लिए टिकट, एंट्री गेट और पार्किंग से जुड़ी जरूरी जानकारी यहां दी गई है।

टिकट की कीमत की बात करें तो सामान्य दिनों में वयस्कों का टिकट 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये और वीकेंड पर 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है। बच्चों का टिकट सामान्य दिनों में 40 से 50 रुपये और वीकेंड पर 60 से 100 रुपये होगा। ऑनलाइन टिकट के लिए ITPO की मोबाइल ऐप iitf 2026 और DMRC सारथी की सहायता ली जा सकती है। ऑफलाइन टिकट 55 मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन और भारत मंडपम में टिकट काउंटर नहीं होगा।

मेले में प्रवेश के लिए गेट नंबर 3 और 4 (भैरों मार्ग) तथा गेट नंबर 6 और 10 (मथुरा रोड) खुले रहेंगे। लोगों के लिए प्रवेश सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा, जबकि मेला शाम 7:30 बजे तक खुला रहेगा। पार्किंग के लिए भैरों मार्ग की पार्किंग के अलावा भारत मंडपम की बेसमेंट पार्किंग उपलब्ध होगी, जहां 4,000 गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी।

हॉल के हिसाब से देखें तो हॉल 1 में 11 देशों के पवेलियन होंगे, जिनमें थाइलैंड, चीन, नेपाल, ईरान और बांग्लादेश शामिल हैं। हॉल 2 से 5 में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, कला और शिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे। हॉल 6, 8 और 10 में सरकारी योजनाओं, मंत्रालयों और वित्तीय संस्थानों के स्टॉल होंगे। हॉल 11 में इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फुटवियर और रसोई के सामान मिलेंगे, जबकि हॉल 12 और 12ए में खाद्य उत्पाद, मसाले, हस्तशिल्प, फर्नीचर और घरेलू सामान उपलब्ध होंगे।