दिल्ली एम्स ने देशभर के सरकारी अस्पतालों को डिजिटल रेफरल नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव रखा है। एम्स के निदेशक डॉ. निखिल टंडन ने यह प्रस्ताव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सामने रखा। इस व्यवस्था को हब-एंड-स्पोक मॉडल नाम दिया गया है, जिसमें दिल्ली एम्स मुख्य हब की भूमिका निभाएगा और देश के दूसरे एम्स क्षेत्रीय केंद्र के रूप में काम करेंगे। इनके साथ राज्यों के मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर जोड़े जाएंगे।
प्रस्ताव के तहत एक साझा डिजिटल रेफरल पोर्टल बनाया जाएगा, जिस पर मरीज की बीमारी, स्वास्थ्य की गंभीरता और मेडिकल रिकॉर्ड की जानकारी ऑनलाइन दर्ज होगी। संबंधित अस्पताल के डॉक्टर रिपोर्ट देखकर इलाज और आगे की प्रक्रिया तय कर सकेंगे। पोर्टल पर इलाज के लिए स्लॉट बुकिंग और जरूरत पड़ने पर विश्राम सदन में ठहरने की बुकिंग की सुविधा भी होगी। मरीज का डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड आभा आईडी से जोड़ने का भी प्रस्ताव है, ताकि मरीज की सहमति पर जांच रिपोर्ट, स्कैन और पुराने इलाज की जानकारी संबंधित अस्पताल को उपलब्ध कराई जा सके।
इस मॉडल का मकसद इलाज के बाद मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ना भी है। एम्स या मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद जिन मरीजों की हालत स्थिर हो जाएगी, उन्हें आगे की देखभाल और फॉलोअप के लिए जिले के अस्पताल या मेडिकल कॉलेज भेजा जा सकेगा। इससे मरीजों को नियमित जांच और परामर्श के लिए बार-बार बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी और बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम हो सकता है।
डॉ. निखिल टंडन के अनुसार, इंटर-एम्स रेफरल पोर्टल विकसित किया जा चुका है और इसे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने शुरू किया था। फिलहाल इसका पायलट प्रोजेक्ट एम्स बिलासपुर में चल रहा है। पूरे देश में इसे किस समय और किस तरह लागू किया जाएगा, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।