लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच सपा सांसदों ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और सीटों का बंटवारा जीत के आधार पर तय होगा। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही सीट शेयरिंग को अंतिम रूप दे देगा।
अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सीटों को लेकर मांग का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव की गंभीरता को देखते हुए पार्टी नेता गंभीर हैं और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के बीच सीटों व तालमेल को लेकर कहीं कोई मतभिन्नता नहीं है। उनके मुताबिक, जीत के आधार पर सीटों का बंटवारा होगा और नेताओं में कोई दरार या परेशानी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह आम चुनाव नहीं है और 'INDIA' गठबंधन के नेता समझदारी से सीट बंटवारे पर काम कर रहे हैं, क्योंकि यह गठबंधन एक बड़े मकसद के लिए बना है।
संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि सीट शेयरिंग में देरी किसी भी पार्टी की ओर से हो सकती है। दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ना चाहती हैं और अखिलेश यादव की भी यही इच्छा है। उन्होंने कहा कि किसी भी काम में थोड़ा समय लगता है और अभी बहुत देर नहीं हुई है। उनके मुताबिक, सत्ता पक्ष की भी कई चीजों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समय से पहले इन मुद्दों को तय कर लिया जाएगा।
बर्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों और बीजेपी की चुनावी तैयारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर तैयारियां स्वाभाविक हैं और बीजेपी प्रदेश व देश दोनों जगह सत्ता में है, इसलिए उसे अपने 10 साल के काम का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा और इंडिया गठबंधन इस समय विपक्ष में हैं और जनता के बीच अपना घोषणापत्र लेकर जाएंगे, जिसमें पहले की सरकार के काम और आगे के मुद्दों की जानकारी दी जाएगी।
