बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने पनवेल फार्महाउस पर अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के कास्ट और क्रू के लिए एक गेट-टुगेदर आयोजित किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने टीम के सदस्यों को 2 लाख से 6 लाख रुपये तक कीमत की लग्जरी घड़ियां भेंट कीं। बताया जा रहा है कि सलमान ने करीब 25 घड़ियां गिफ्ट कीं। यह कार्यक्रम फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के दो दिन बाद हुआ।

रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम को पहले बताया गया था कि फार्महाउस पर फिल्म के प्रमोशन को लेकर बातचीत और काम के सिलसिले में मीटिंग होगी, लेकिन सलमान ने लग्जरी गिफ्ट देकर सभी को सरप्राइज दिया। खबरों के मुताबिक, फिल्म से जुड़े करीब 20 से 25 लोगों को घड़ियां भेंट की गईं। ये घड़ियां कपूर वॉच कंपनी से खरीदी गईं। पुरुष सदस्यों को Longines और TAG Heuer ब्रांड की घड़ियां दी गईं, जबकि महिला सदस्यों को Rado की घड़ियां गिफ्ट की गईं। सलमान ने खुद सभी को ये तोहफे दिए।

इस मौके पर फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया के अलावा चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया, विपिन भारद्वाज और तान्या देसाई भी मौजूद थे। फिल्म के डायलॉग राइटर चिंतन शाह ने भी इस पार्टी में हिस्सा लिया। टीम के कुछ सदस्यों ने सोशल मीडिया पर इस शाम की तस्वीरें और झलकियां भी शेयर कीं।

बता दें कि 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' एक वॉर ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह लीड रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं सलमान खान ने एक इवेंट में कहा था कि उन्होंने 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए टिकट के दाम कम किए हैं और वे केवल 11 रुपये में इसे देख पाएंगे।