बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन मंगलवार सुबह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस बार वह अपनी बेटी राशा थडानी और बेटे को साथ लेकर आई थीं। दर्शन के बाद अभिनेत्री ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद भाग्यशाली है, क्योंकि इस बार वह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर आई हैं।

रवीना टंडन ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद मांगा। दर्शन के बाद उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी बेटी राशा पहले भी मंदिरों के दर्शन कर चुकी हैं और दोनों पहले देश के 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा भी कर चुके हैं। हालांकि, इस बार बेटे का भी साथ होना उनके लिए खास अनुभव रहा।

अभिनेत्री ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य और दोस्त भी इस यात्रा में उनके साथ थे। बच्चों के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करना उनके लिए यादगार पल बन गया।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर की भस्म आरती विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है और बॉलीवुड तथा अन्य क्षेत्रों की चर्चित हस्तियां भी समय-समय पर यहां दर्शन करने आती हैं। रवीना टंडन को 'मोहरा', 'दिलवाले' और 'दमन' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है, और उनकी बेटी राशा थडानी भी फिल्मी दुनिया में कदम रख चुकी हैं।