प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला की दो दिन की यात्रा पूरी करके बुधवार सुबह दिल्ली वापसी की। इस दौरे में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर समेत कई विश्व नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने इन नेताओं को पारंपरिक भारतीय कलाकृतियां और हस्तशिल्प उपहार में भेंट किए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की गोल्डन पिछवाई पेंटिंग दी गई। यह पारंपरिक कपड़ा-पेंटिंग कला नाथद्वारा से शुरू हुई मानी जाती है और अपनी बारीक कारीगरी, चमकीले रंगों और विस्तृत रचना के लिए जानी जाती है। इसे महीन कपड़े पर खनिज रंगों और गोल्ड डिटेलिंग से तैयार किया जाता है, जिसके किनारों को कमल, गाय और पेड़ के चित्रों से सजाया जाता है।
जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची को 'रॉयल बनारसी कतान सिल्क स्टोल' भेंट किया गया, जिसे 'साधेली' बॉक्स में रखकर सौंपा गया। कतान सिल्क से बुना यह स्टोल बनारस की सदियों पुरानी कपड़ा कला को दर्शाता है और इसमें बारीक आकृतियां डिजाइन की गई हैं। इसका रॉयल ब्लू रंग गरिमा, बुद्धिमत्ता और सद्भाव का प्रतीक बताया गया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की पारंपरिक जयपुर ब्लू पॉटरी दी गई, जो चमकदार सफेद सतह और कोबाल्ट-नीले डिजाइनों के लिए मशहूर है। इस पर हाथ से बने फूलों के पैटर्न, पक्षी, ज्यामितीय आकृतियां और सजावटी बॉर्डर बने हैं।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो को चोल कालीन पारंपरिक कांसे की नटराज मूर्ति भेंट की गई। चोल कालीन कांस्य मूर्तियां प्राचीन भारतीय धातु-कला का उदाहरण मानी जाती हैं, जो दक्षिण भारत में चोल राजवंश के 9वीं से 13वीं शताब्दी के शासन के दौरान विकसित हुईं। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को पारंपरिक कश्मीरी रेशमी कालीन गिफ्ट किया गया, जो हाथ से बुना जाता है और अपनी चमक, मुलायम बुनावट और बारीक डिजाइन के लिए पसंद किया जाता है। इसे बेहतरीन रेशम से तैयार कर इसमें हजारों गाठें लगाई जाती हैं, जबकि कुछ कालीनों को तैयार होने में महीनों या कई साल लग सकते हैं। इसके डिजाइन में फूलों के पैटर्न, चिनार के पत्ते और ज्यामितीय आकृतियां शामिल हैं।
