बिहार में नीतीश सेतु को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस पुल का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की उपस्थिति में किया गया था। उन्होंने कहा कि निर्माण बिहार सरकार के खर्च पर शुरू हुआ और इसके लिए केंद्र सरकार से कोई सहायता नहीं मिली।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने पुल का नाम अच्युत राय के नाम पर रखने पर सहमति दी थी। उन्होंने कहा कि काम किसी का और नाम किसी और का हो रहा है तथा परियोजना का श्रेय लेने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना के उद्घाटन में उनका कोई योगदान नहीं है।
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के बयान पर पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रति व्यक्ति आय, महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और अपराध पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को गुंडा बना दिया गया है और फर्जी एनकाउंटर में लोग मारे जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की मिलीभगत से ट्रांसफर-पोस्टिंग में मलाई खाई जा रही है और बाबू से लेकर चपरासी तक के ट्रांसफर का रेट तय है। उन्होंने कहा कि राज्य का खजाना खाली है और बिहार को कर्जदार बनाया जा रहा है।
