बॉलीवुड सितारों को मिल रही कथित धमकियों के मद्देनजर मुंबई पुलिस कुछ फिल्मी हस्तियों को X कैटिगरी की सुरक्षा देने पर विचार कर रही है। मुंबई पुलिस के प्रोटेक्शन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, एक्टर आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कई अन्य सितारों ने सुरक्षा के लिए आवेदन किए हैं, जिनकी स्क्रूटनी की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ सितारों को X कैटिगरी की सुरक्षा देने के विकल्प पर भी चर्चा हो रही है, लेकिन अभी किसी कलाकार की सुरक्षा को लेकर आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। पुलिस हर आवेदन में मिली धमकी, उसकी विश्वसनीयता और संभावित खतरे के इनपुट की जांच कर रही है। खतरे का आकलन होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
फिल्म इंडस्ट्री में चिंता इसलिए बढ़ी है क्योंकि आयुष्मान खुराना को कथित धमकी मिलने के मामले में बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नामक आईटी प्रफेशनल की गिरफ्तारी हुई है, और अमिताभ बच्चन व अभिषेक बच्चन को खालिस्तान समर्थकों से धमकी मिलने की बात सामने आई है। टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू में फायरिंग की घटना के अलावा अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, तुषार कपूर और आमिर खान को मिली कथित धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित नेटवर्क के साथ-साथ बब्बर खालसा, अनिल पंडित, हैरी बॉक्सर और गोल्डी ढिल्लो जैसे गैंगस्टरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इसके मद्देनजर मुंबई पुलिस यह तय करने में जुटी है कि किन कलाकारों को किस स्तर की सुरक्षा की जरूरत है।
X कैटिगरी की सुरक्षा में आमतौर पर दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं। हालांकि, वास्तविक सुरक्षा व्यवस्था खतरे के आकलन और संबंधित एजेंसी की सिफारिश के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
धमकी या हमले का शिकार हुए सितारों में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन शामिल हैं, जिन्हें गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित जान से मारने की धमकी मिली। टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना में बिश्नोई गैंग से जुड़े कई शूटर गिरफ्तार किए गए। दिलजीत दोसांझ को लाइव कॉन्सर्ट से पहले कथित धमकी भरे कॉल और ईमेल मिले, जबकि आयुष्मान खुराना को कथित धमकी भरे कॉल और ईमेल के जरिए निशाना बनाया गया। तुषार कपूर से गैंगस्टर्स ने 6 लाख डॉलर (लगभग 5 करोड़ रुपये) की कथित रंगदारी मांगी। सलमान खान लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर बताए जाते हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिली हैं। रणवीर सिंह को कथित जान से मारने की धमकी मिली, आमिर खान के घर की रेकी और धमकी मिलने का दावा किया गया, अक्षय कुमार के घर की रेकी हुई और रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग के साथ कथित रंगदारी की मांग की गई।
