महेंद्र सिंह धोनी अब लीग क्रिकेट में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े उनके संन्यास के साथ आईपीएल में उनके मैच की आखिरी गेंदों का इंतजार भी खत्म हो गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उन्होंने छह साल पहले ही संन्यास ले लिया था, लेकिन इसके बाद भी वह खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट की तेज रफ्तार के साथ चलते रहे। अब वह मेंटॉर की नई भूमिका में होंगे, और उनसे उसी कामयाबी की उम्मीद होगी, जिसकी आदत उन्होंने डाली है।
बतौर बल्लेबाज धोनी की भूमिका पिछले तीन-चार साल में सीमित होती गई थी। 2024 और 2025 के सीजन में कुल मिलाकर उन्होंने केवल 218 गेंदों का सामना किया और इस साल तो वह खेले ही नहीं। रिटायरमेंट के सवाल तभी से उठ रहे थे, लेकिन उनके प्रशंसकों को हमेशा यही लगा कि वह फिर आएंगे। दो गेंदों के लिए ही सही, पर उनके आने से जैसे सीएसके की पारी पूरी हो जाती हो। खेल किसी खिलाड़ी के लिए नहीं रुकता, धोनी शायद अपवाद रहे।
धोनी का आकलन केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कितने रन बनाए, कैच लपके या स्टंप किए, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण है उनकी बनाई विरासत। बतौर खिलाड़ी और बतौर कप्तान उन्होंने वह सब हासिल किया, जिसकी तमन्ना कोई अपना खेल करियर शुरू करते समय करता है। तमाम ट्रॉफी और खिताबों से ज्यादा कीमती है वह भरोसा, जो उन्होंने कमाया।
माही है तो हो जाएगा, किसी खिलाड़ी से उम्मीद की यह हद बहुत कम दिखती है। धोनी से यह उम्मीद थी, क्योंकि वह इस पर बार-बार खरे उतरे। उन्होंने बताया कि वापसी कहीं से भी हो सकती है, अगर हार न मानी जाए। अलग-अलग परिस्थितियों में और प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ उन्होंने इतनी बार ऐसा किया कि कहा गया वह किस्मत के धनी हैं, जो दांव लगाते हैं, चल जाता है। लेकिन इस किस्मत के पीछे है मेहनत और खेल की समझ। वह 45 से ज्यादा के हो चले हैं, लेकिन अब भी प्रशंसकों के लिए उनके बिना सीएसके टीम की कल्पना करना मुश्किल है। धोनी ने यह भी सिखाया है कि हर फैसला टीम को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए और मैदान पर परिस्थितियों के अनुसार भूमिका बदलनी पड़ती है। अब उसी बदलाव का वक्त है।
