महेंद्र सिंह धोनी के बचपन के कोच चंचल भट्टाचार्य का कहना है कि सीएसके में मेंटर की भूमिका में धोनी अपने क्रिकेटिंग दिमाग का पूरा इस्तेमाल कर पाएंगे। उनके मुताबिक, अब तक कप्तान और विकेटकीपर के तौर पर धोनी को विकेटकीपिंग और खेल के अन्य पहलुओं पर भी ध्यान देना पड़ता था, लेकिन अब वह बाहर बैठकर पूरी तरह रणनीति बनाने पर ध्यान दे सकेंगे।

कोच चंचल ने कहा कि धोनी के मेंटर बनने से उसी टीम को उनके लंबे अनुभव का फायदा मिलेगा, जिसके साथ वह लंबे समय तक जुड़े रहे। उन्होंने इसे अच्छी खबर बताया और कहा कि लंबे अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर के बाद धोनी के लिए यह नई भूमिका निभाना अच्छा अनुभव होगा।

इस बीच यह सवाल भी है कि मेंटर बनने के बाद क्या यह धोनी के खिलाड़ी करियर का आखिरी पड़ाव है। इस पर कोच चंचल ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि धोनी ने अभी तक संन्यास की औपचारिक घोषणा नहीं की है और हो सकता है कि वह एक-दो मैच खेलें। उनके मुताबिक, फैंस की दिली तमन्ना है कि धोनी एक बार फिर मैदान पर दिखें और मैदान से अलविदा कहें, इसके बाद वह मेंटर या कोच की भूमिका निभा सकते हैं।

गौरतलब है कि साल 2021 में सीएसके को चैंपियन बनाने के बाद चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान धोनी ने रिटायरमेंट से जुड़े सवाल पर कहा था कि वह इस बारे में सोचेंगे, अभी काफी समय है। उन्होंने कहा था कि उन्होंने हमेशा अपने क्रिकेट की योजना बनाई है और उम्मीद है कि उनका आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होगा, चाहे वह अगले साल हो या पांच साल बाद।