लखनऊ: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को एक संगठनात्मक समीक्षा बैठक में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने का फैसला शीर्ष नेतृत्व की सहमति से लिया गया है। हालांकि, पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या अकेले, इस पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है।
चिराग पासवान ने कहा कि दिसंबर से प्रदेश में 'चौखट-चौखट चिराग' अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में रोड शो होंगे और कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा का प्रचार करेंगे। उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी अरुण भारती को दी गई है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि राज्य में इसका खास असर नहीं पड़ेगा।
चिराग पासवान ने बताया कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार कर रही है और सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के विकल्प खुले हैं। एनडीए के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव में अभी समय है और गठबंधन को लेकर फैसला उचित समय पर लिया जाएगा। फिलहाल पार्टी की प्राथमिकता प्रदेश में अपना जनाधार मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि दलितों के मुद्दे सिर्फ लोजपा ही उठाती है।
समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे पर चिराग पासवान ने कहा कि दलितों को वास्तव में सशक्त बनाने का कार्य रामविलास पासवान जैसे नेताओं ने किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान एक ऐसे नेता थे जिन्होंने दलित समुदाय को सच्चा नेतृत्व प्रदान किया। चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को उत्तर प्रदेश में न केवल अनुसूचित जाति के समुदायों का, बल्कि आबादी के एक बहुत बड़े वर्ग का भी समर्थन मिलेगा।
