लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समीकरण बनाने शुरू कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक (पीडीए) की राजनीति के जरिए जातीय समीकरण अपने पक्ष में करने में जुटी है। पार्टी राम मंदिर दान विवाद, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण संबंधी बयान और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती विवाद को उठाकर भाजपा की हिंदुत्व वाली राजनीति को भेदने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव ने पिछले चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा को भगवान श्रीकृष्ण के मुद्दे के रूप में एक मुद्दा दे दिया है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए बयान को आधार बनाकर समाजवादी पार्टी ने विवाद खड़ा किया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जगह-जगह विरोध में पुतले फूंके गए। इस विवाद से भगवान श्रीकृष्ण यूपी की राजनीति में चर्चा में आ गए। अखिलेश यादव इसे मुद्दा बनाने में जुटे रहे, जबकि भाजपा ने इसे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मामले में बदल दिया। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ को 'बुलडोजर बाबा' कहे जाने का मुद्दा चुनावी माहौल में प्रभावी रहा था।

भाजपा अब तक विकास योजनाओं के आधार पर चुनावी तैयारी कर रही थी, लेकिन जातीय समीकरण और सॉफ्ट हिंदुत्व के असर की आशंका बढ़ने पर उसने भी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के एजेंडे में अयोध्या, काशी और मथुरा प्राथमिकता में रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार है और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर आकार ले चुका है। अब 2027 के चुनाव से पहले भाजपा मथुरा के मुद्दे को गरमाकर राजनीतिक बढ़त बनाने की तैयारी में दिख रही है, जिसे विपक्ष की हिंदुत्व वाली राजनीति पर सीधी टक्कर माना जा रहा है।

मथुरा में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी उठा और तीसरी बार सरकार बनने की स्थिति में छह माह के भीतर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की बात कही गई। इधर, प्रतापगढ़ के कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे यादव और माधव को एक मानते हैं और विरोध करने वालों से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर औरंगजेब के कलंक को मिटाने के लिए कारसेवा में साथ चलने की अपील की। भाजपा के कार्यक्रम के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इस मुद्दे को चुनाव में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए उठाए जाने की बात कहकर भाजपा पर हमला बोला।