हर साल नवंबर में देशभर के करोड़ों पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना होता है। बैंकों और दफ्तरों में लंबी लाइन से बचने के लिए पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने 1 से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5 शुरू किया है, जो देशभर के करीब 2000 से ज्यादा शहरों और कसबों में चल रहा है। इस बार अभियान में 80 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जो वरिष्ठ पेंशनभोगी शारीरिक रूप से बैंक या जनसेवा केंद्र नहीं जा सकते, उन्हें घर पर ही मदद उपलब्ध कराई जा रही है। पिछले साल इस अभियान के तहत 80 साल से ज्यादा उम्र के 14 लाख से ज्यादा पेंशनभोगियों ने डिजिटल तरीके से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा किया था।

घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए पहले प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से AadhaarFaceRD और Jeevan Pramaan Face App डाउनलोड करें। ऐप खोलने के बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और फेस स्कैन की मदद से रजिस्ट्रेशन पूरा करें। इसके बाद पेंशनभोगी का आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन का प्रकार, पीपीओ नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सावधानी से भरें। सभी डिटेल्स जांचने के बाद सबमिट पर क्लिक करें और फोन के फ्रंट कैमरे से पेंशनर के चेहरे को स्कैन करें। स्कैन पूरा होते ही स्क्रीन पर जीवन प्रमाण पत्र की रसीद और Pramaan ID जनरेट हो जाएंगी। इसका लिंक रजिस्टर्ड नंबर पर एसएमएस के जरिए भी मिल जाएगा।

डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट होते ही यह खुद ही पेंशन वितरण करने वाली एजेंसी जैसे बैंक या डाकघर तक पहुंच जाता है, इसे अलग से जमा कराने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं रहती। स्टेटस चेक करने के लिए jeevanpramaan.gov.in पर जाएं, पेंशनर लॉगिन पर क्लिक करें, Pramaan ID डालें और कैप्चा कोड भरकर सबमिट करें। ओटीपी से वेरिफाई करके लॉगिन करने पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र खुल जाएगा, जहां से सर्टिफिकेट को पीडीएफ फाइल के तौर पर सुरक्षित रखा जा सकता है और यह भी देखा जा सकता है कि पेंशन एजेंसी ने उसे स्वीकार किया है या नहीं।

सरकारी नियमों के मुताबिक सभी पेंशन धारकों को नवंबर महीने के आखिर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जरूर जमा कराना होता है। ऐसा न होने पर दिसंबर से पेंशन का भुगतान रुक जाता है। इसलिए आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपने फोन से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करा लें।