नई दिल्ली। देश के किसानों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी करते हुए बताया कि बागवानी फसलों का उत्पादन 4.36 प्रतिशत बढ़कर 386.92 मिलियन टन तक पहुंच सकता है। 2024-25 में यह 370.74 मिलियन टन था, यानी एक साल में करीब 16.18 मिलियन टन की बढ़ोतरी का अनुमान है। खास बात यह है कि खेती का कुल रकबा घटने के बावजूद बागवानी फसलों के उत्पादन में इजाफा होने का अनुमान लगाया गया है।
अनुमान के मुताबिक फलों का उत्पादन 4.60 प्रतिशत बढ़कर 123.07 मिलियन टन हो सकता है, जो पिछले साल 117.65 मिलियन टन था। इसमें केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल की बेहतर पैदावार अहम भूमिका निभा सकती है। सब्जियों का उत्पादन 4.35 प्रतिशत बढ़कर 227.27 मिलियन टन रहने का अनुमान है। आलू का उत्पादन 11.95 प्रतिशत बढ़कर 65.57 मिलियन टन हो सकता है, जबकि टमाटर 21.41 मिलियन टन और प्याज 28.90 मिलियन टन तक रह सकता है।
फूलों का उत्पादन 14.45 प्रतिशत बढ़कर 4.88 मिलियन टन होने का अनुमान है। सुपारी, नारियल, काजू, पान और कोको जैसी बागान फसलों का उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 18.26 मिलियन टन तक पहुंच सकता है। मेडिसनल और खुश्बूदार पौधों का उत्पादन 0.90 से बढ़कर 0.93 मिलियन टन रहने की उम्मीद है। 2025-26 में मसालों की खेती का रकबा 4.76 मिलियन हेक्टेयर तक पहुंचने का अनुमान है और कुल उत्पादन 12.35 मिलियन टन रह सकता है, जिसमें हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार अहम हो सकती है।
सरकार के मुताबिक किसानों का पारंपरिक फसलों से दूसरी फसलों की ओर बढ़ता रुझान उनकी कमाई के नए रास्ते खोल सकता है। इससे देश की पोषण सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
