मल प्रत्यारोपण यानी फीकल माइक्रोबायोटा ट्रांसप्लांट एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें किसी स्वस्थ व्यक्ति का मल मरीज़ की बड़ी आंत में पहुंचाया जाता है। इसका मक़सद मरीज़ की आंत में स्वस्थ सूक्ष्मजीवों का समूह पहुंचाना होता है, ताकि आंतों में सूक्ष्मजीवों का संतुलन बहाल हो सके। 2013 में मेडिकल की पढ़ाई के चौथे साल में एडम फ़े क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल नाम के बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण का इलाज करना सीख रहे थे। यह संक्रमण पाचन तंत्र को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और कई एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति स्वाभाविक रूप से प्रतिरोधी होता है। उनकी एक बुज़ुर्ग मरीज़ बार-बार इस गंभीर संक्रमण से जूझ रही थीं और उन्हें मल प्रत्यारोपण की ज़रूरत थी। उस समय मल संग्रह करने वाले बैंक बहुत कम थे और मरीज़ के परिवार व दोस्त मल दान करने के लिए तैयार नहीं थे, जिसके बाद फ़े ने खुद मल दान करने का फ़ैसला किया।

फ़े ने एक रात पहले रात के खाने में बरिटो खाया और अगली सुबह अपने स्टूडेंट हॉस्टल के कमरे में मेडिकल ग्रेड के बर्तन में मल त्याग किया। इसके बाद नमक के घोल में भिगोई गई सूती मलमल के कपड़े से मल को छानकर तरल पदार्थ एक बोतल में इकट्ठा किया गया। कुछ घंटे बाद कोलोनोस्कोपी के दौरान फ़े का मल मरीज़ की आंतों में पहुंचाया गया। न्यूयॉर्क के एनवाईयू लैंगोन हेल्थ में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट के तौर पर काम कर रहे फ़े को बाद में पता चला कि यह प्रक्रिया सफल रही थी और मरीज़ को क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल का संक्रमण दोबारा कभी नहीं हुआ।

बीते कुछ वर्षों में आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीवों के समुदाय यानी गट माइक्रोबायोम की भूमिका को लेकर शोध तेज़ हुआ है और मल प्रत्यारोपण में भी दिलचस्पी बढ़ी है। क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल के संक्रमण के इलाज के लिए मल प्रत्यारोपण को पहले ही मंज़ूरी मिल चुकी है। दुनिया भर में इरिटेबल बाउल सिंड्रोम, डायबिटीज़, ऑटिज़्म और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों के इलाज में इसकी उपयोगिता को लेकर परीक्षण किए जा रहे हैं। यहां तक कि याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता में गिरावट के साथ-साथ मानसिक बीमारियों के इलाज में भी इसके इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। मल प्रत्यारोपण के ज़रिए किसी व्यक्ति की आंतों में सीधे मल पहुंचाया जा सकता है या इसे कैप्सूल में भरकर गोली के रूप में भी दिया जा सकता है।

हालांकि, इस काम के लिए उपयुक्त मल दान करने वाले लोगों को ढूंढना आसान नहीं है। इसके लिए बेहद सावधानी से जांच की जाती है और केवल सबसे स्वस्थ लोगों को ही दानदाता के तौर पर चुना जाता है। सबसे अच्छी गुणवत्ता वाला मल देने वाले दानदाताओं को अनौपचारिक तौर पर 'सुपर पूपर्स' कहा जाता है। इस लेख के लिए छह स्टूल बैंकों और प्रयोगशालाओं से दानदाताओं का इंटरव्यू कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन सभी ने इनकार कर दिया। उनका कहना था कि भरोसेमंद दानदाता ढूंढना इतना मुश्किल है कि उनकी निजता में दखल देने से वे दान करना बंद कर सकते हैं। मल दानदाताओं को चुनने की जांच प्रक्रिया हर जगह एक जैसी नहीं होती और यह इस बात पर निर्भर करती है कि मल का इस्तेमाल किस बीमारी के इलाज के लिए किया जाना है।

न्यूयॉर्क के वेल कॉर्नेल मेडिसिन में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट कार्ल क्रॉफर्ड के मुताबिक़, ऐसे व्यक्ति की तलाश की जाती है जिसकी सेहत इंसानों में सबसे अच्छी स्थिति में हो और उसकी जांच उसी तरह की जाती है जैसे किसी अंगदान करने वाले व्यक्ति की। संभावित दानदाता की उसी तरह गहन जांच होती है, जैसी किडनी या रक्तदान करने वाले व्यक्ति की होती है। मल दानदाता बनने के लिए सबसे पहले कई स्वास्थ्य सर्वेक्षणों और इंटरव्यू से गुज़रना पड़ता है। इसके बाद संक्रामक बीमारियों का पता लगाने के लिए खून और मल की विस्तृत जांच की जाती है, जिसमें 30 से अधिक तरह के रोगाणुओं, परजीवियों और दवाओं के प्रति प्रतिरोधी सूक्ष्मजीवों की जांच शामिल हो सकती है। कुछ क्लीनिक कोविड-19 और फ्लू की जांच भी अनिवार्य करते हैं, क्योंकि कई संक्रामक बीमारियां मल के ज़रिए फैल सकती हैं। कुछ मामलों में मल प्रत्यारोपण के