स्पैम और अनचाही मार्केटिंग कॉल्स से परेशान लोगों के लिए बनी सरकारी DND सर्विस का इस्तेमाल बहुत कम हो रहा है। TRAI की ताजा तिमाही रिपोर्ट के अनुसार 30 सितंबर 2026 तक देश के कुल 1.349 अरब टेलीकॉम सब्सक्रिप्शन में से सिर्फ 16.64 फीसदी यानी करीब 22.45 करोड़ नंबरों पर ही DND सर्विस चालू है। इसी सर्विस की मदद से तीन महीनों में अरबों स्पैम कॉल्स और मैसेज रोके गए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार जुलाई से सितंबर 2026 के बीच DND सर्विस से करीब 1.70 अरब प्रमोशनल कॉल्स और 11.09 अरब प्रमोशनल SMS ब्लॉक किए गए। दूसरी ओर टेलीकॉम कंपनियों के AI सिस्टम ने 18.28 अरब इनकमिंग कॉल्स और 1.62 अरब SMS को संदिग्ध के तौर पर मार्क किया है। यहां फर्क समझना जरूरी है कि फोन स्क्रीन पर दिखने वाला स्पैम लेबल सिर्फ चेतावनी होता है, जबकि DND सर्विस कमर्शियल कॉल्स और मैसेजेस को आप तक पहुंचने से रोकती है।

DND चालू करने का मतलब यह नहीं है कि सभी कमर्शियल कॉल्स बंद हो जाएंगे। आप बैंकिंग और इंश्योरेंस, रियल एस्टेट, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऑटोमोबाइल, मनोरंजन, पर्यटन और खानपान जैसी कैटेगरी में से चुन सकते हैं कि किस तरह के मैसेज चाहिए और किस तरह के नहीं। डिलीवरी मोड, समय और छुट्टियों के दिनों के हिसाब से भी प्रेफरेंस तय की जा सकती है, जिससे जरूरी मैसेज और कॉल्स मिलते रहें।

सर्विस चालू करने के लिए बिना कोई ऐप डाउनलोड किए 1909 पर कॉल किया जा सकता है या SMS भेजा जा सकता है। इसके अलावा TRAI DND ऐप या नेटवर्क अनुभव वेब पोर्टल पर OTP वेरिफिकेशन पूरा करके प्रेफरेंस सेट या अपडेट की जा सकती है। DND चालू होने के बाद अनचाहा मैसेज या कॉल आने पर ऐप या पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज की जा सकती है, उसका स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है और Know Your Sender की मदद से भेजने वाले की पहचान भी पता की जा सकती है।