प्रीपेड और पोस्टपेड कनेक्शन के दाम में अब बड़ा अंतर नहीं रह गया है। पहले लोग ज्यादा बिल के डर से पोस्टपेड लेने से बचते थे, लेकिन अब पोस्टपेड प्लान भी किफायती हो गए हैं। सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान BSNL 199 रुपये में दे रही है। वहीं Jio, Airtel और Vi भी लगभग प्रीपेड जैसे दाम पर पोस्टपेड कनेक्शन उपलब्ध करा रही हैं। पोस्टपेड कनेक्शन के साथ Fastlane जैसी कुछ स्पेशल सर्विस भी मिलती है और तय तारीख पर रिचार्ज की टेंशन भी नहीं रहती।
BSNL के 199 रुपये वाले प्लान में हर महीने 25GB हाई स्पीड इंटरनेट, अनलिमिटेड कॉलिंग और रोज के 100 SMS मिलते हैं। इसमें डेटा रोलओवर सर्विस भी है, यानी महीने के आखिर में बचा डेटा अगले महीने के 25GB में जुड़ जाता है। इस तरह कुल 75GB डेटा जोड़ा जा सकता है। प्लान की कीमत में GST अलग से जुड़ता है।
Jio का सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान 349 रुपये प्रति माह का है, जिसमें 30GB एकमुश्त डेटा, अनलिमिटेड 5G, कॉलिंग और रोज के 100 SMS मिलते हैं। साथ ही JioTV और JioAICloud का एक्सेस भी दिया जाता है। Airtel का शुरुआती पोस्टपेड प्लान 449 रुपये से शुरू होता है, जिसमें 300GB मंथली डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग, 5G इंटरनेट और रोज के 100 SMS मिलते हैं। इसमें 100GB Google One क्लाउड स्टोरेज और 3 महीने का JioHotstar मोबाइल सब्सक्रिप्शन भी दिया जाता है।
Vi का शुरुआती पोस्टपेड प्लान 451 रुपये में उपलब्ध है, जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग, महीने के 3,000 SMS और 50GB डेटा मिलता है। बचा हुआ डेटा अगले महीने रोलओवर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है और 200GB तक डेटा रोलओवर के तहत जोड़ा जा सकता है। सभी कंपनियों के इन पोस्टपेड प्लान्स पर 18% GST बिल में अलग से जुड़कर आता है।
