पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता अमरिंदर सिंह सोमवार को सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान वे INDIA ब्लॉक के नेताओं के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए थे। इसके बाद उनकी कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने दावा किया है कि अमरिंदर सिंह कांग्रेस में नहीं लौटेंगे।

चन्नी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पर ईडी के मामलों का दबाव है, इसलिए उनकी कांग्रेस में वापसी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह के लिए अब ऐसा कर पाना मुश्किल है। चन्नी ने यह दावा पुस्तक विमोचन समारोह में कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी और उनकी पार्टी में वापसी की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए किया।

चन्नी ने कहा कि पुरानी सांझ के कारण लगाव होना स्वाभाविक है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के गांधी परिवार के साथ अच्छे संबंध रहे हैं, इसी वजह से वे इस समारोह में पहुंचे थे। बता दें कि अमरिंदर सिंह ने पांच साल पहले कांग्रेस छोड़ दी थी। उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री के पद से हटाया गया था और उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया था।

अपनी मां की किताब के विमोचन के अवसर पर राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के परिवार के साथ संबंधों का जिक्र किया। राहुल ने कहा कि उन्होंने अमरिंदर सिंह को राजीव गांधी और सोनिया गांधी को लड़ते हुए सिर्फ एक बार देखा था। उन्होंने बताया कि जब उनके पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी के बीच बहस हो रही थी, तब वे अमरिंदर सिंह से फोन पर बात कर रहे थे।