अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी सेहत और आर्थिक हालत को लेकर सुर्खियों में हैं। खार स्थित उनके निवास पर बातचीत में शरद ने बताया कि उनके डॉग्स के रेस्क्यू की अपील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोग मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया और लोगों का उन्हें काफी सपोर्ट मिला है। शरद ने बताया कि उन्होंने दो-तीन फिल्में साइन की हैं और फिलहाल अहमद खान की फिल्म से कमबैक कर रहे हैं, जिसमें उनका नेगेटिव रोल होगा।
शरद ने बताया कि पैर में चोट लगने और डॉग्स के चले जाने के बाद वे काफी उदास हो गए थे। अब वे काफी हद तक ठीक हैं और इलाज के लिए कर्जत जा रहे हैं, जहां सोनू सूद के एक दोस्त का हेल्थ केयर सेंटर है। शरद ने सोनू सूद का आभार जताया, जिन्होंने उनके इलाज का इंतजाम कराया। उन्होंने कहा कि उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है और जो भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, वे सभी का स्वागत करते हैं।
शरद ने बताया कि ‘जोश’ के को-स्टार शाहरुख खान ने भी फोन करके मदद की पेशकश की है और वे जल्द ही आर्यन से मिलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन का भी फोन आया था, जबकि संजय दत्त ने हौसला बढ़ाया। शरद के मुताबिक, राज ठाकरे और मुख्यमंत्री जैसी हस्तियों के भी फोन आए और सभी ने सपोर्ट किया।
करीब 30 साल के करियर में ‘स्वाभिमान’, ‘दस्तक’, ‘तमन्ना’, ‘जोश’, ‘खौफ’, ‘लक्ष्य’ और ‘नो मीन्स नो’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके शरद ने कहा कि निजी जिंदगी में परेशानी के चलते कुछ समय काम करने का मन नहीं करता था, लेकिन अब सब ठीक है। उन्होंने कहा कि परिवार को पता है कि वे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और घरवालों ने जो बन सका, मदद की। शरद ने कहा कि यह सिर्फ एक मोड़ है, अंत नहीं।
