कानपुर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कानपुर में प्रदेश स्तरीय समन्वय बैठक शुरू की है। मंगलवार से शुरू हुई इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा भाजपा सहित लगभग सभी 32 आनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधि बुलाए गए हैं। सूत्रों के अनुसार बैठक दो-तीन दिन चलेगी, जिसमें यूपी में भाजपा के मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा विधानसभाओं के प्रभारी भी शामिल हो रहे हैं।

कारवालो नगर स्थित संघ के प्रांतीय कार्यालय केशव भवन में जारी बैठक में सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अरुण कुमार और आलोक कुमार उपस्थित थे। सभी छह प्रांतों के प्रांत प्रचारकों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र शर्मा भी मौजूद थे। सूचना है कि अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन भी बैठक में शामिल रहे।

डॉ. कृष्ण गोपाल विद्या भारती और सेवा भारती के समन्वय के अलावा बौद्धिक कार्य देखते हैं, जबकि अरुण कुमार भाजपा और संघ के बीच समन्वय तथा उत्तर भारत के प्रमुख प्रांतों का काम संभालते हैं।

माना जा रहा है कि यह बैठक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले संघ से जुड़े संगठनों को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बुलाई गई है। अलग-अलग सत्रों में विभिन्न संगठनों से बातचीत हुई, हालांकि बैठक का ज्यादा विवरण सामने नहीं आ सका है। भाजपा के मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा सभी विधानसभाओं के प्रभारियों को बुलाए जाने को संघ द्वारा चुनावी रणनीति अपने हिसाब से तैयार किए जाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।