पटना में बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री पद का ऑफर दिए जाने से यह बहस फिर तेज हो गई है। इससे पहले भी जदयू की ओर से ऐसे ऑफर को कई मौकों पर खारिज किया जा चुका है। इधर निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा भी चल रही है।

अभय कुशवाहा का कहना है कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने पहले भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का काम किया है। उनके मुताबिक अगर नीतीश कुमार आरजेडी के साथ आते हैं, तो पार्टी को निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने हमेशा लोगों को आगे बढ़ाया, लेकिन पद मिलने के बाद लोग उन्हें भूल जाते हैं।

कुशवाहा ने चिराग पासवान को पिता रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजने में लालू प्रसाद की भूमिका का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि 2009-10 में रामविलास पासवान के पास कुछ नहीं बचा था, तब लालू प्रसाद ने ही उन्हें राज्यसभा भेजने में मदद की। उनके अनुसार चिराग पासवान को इतिहास जानना चाहिए। सांसद ने यह भी कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा वोट आरजेडी को मिला है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जदयू और आरजेडी अभी एक मंच पर आ भी जाएं, तो भी सरकार गठन मुश्किल है। 243 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 122 विधायकों का समर्थन जरूरी है। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक जदयू के पास 85, आरजेडी के 25, कांग्रेस के 06, वामदलों के 03 और आईआईपी के 01 विधायक हैं, यानी कुल आंकड़ा 120 तक ही पहुंचता है। ऐसे में कम से कम दो अन्य विधायकों का समर्थन जरूरी है।