आगरा में मंगलवार को एमजी रोड स्थित शहीद स्मारक के पास स्पीड कलर लैब तिराहे पर महाराणा सांगा की प्रतिमा के लिए भूमि पूजन किया गया। महापौर हेमलता दिवाकर ने पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। यहां 12.5 फीट ऊंची और करीब 18 टन वजनी कांस्य की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित की जाएगी। एक महीने के भीतर प्रतिमा तैयार होने का दावा किया गया है। कार्यक्रम में प्रतिमा की लागत को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए; वक्ताओं ने 38.20 लाख और 48.20 लाख रुपये की लागत बताई है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिसकी कोई औकात और अस्तित्व नहीं, उसके बारे में क्या कहें। उन्होंने कहा कि वीर महाराणा सांगा की किसी से तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महाराणा सांगा ने कई युद्ध लड़े और शरीर पर 80 घाव होने के बाद भी उनका शौर्य कम नहीं हुआ। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को वीरता और बलिदान का संदेश देगी।

उल्लेखनीय है कि 21 मार्च 2025 को राज्यसभा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने बाबर को भारत बुलाने के संदर्भ में महाराणा सांगा का जिक्र करते हुए उन्हें गद्दार कहा था। इस टिप्पणी के बाद क्षत्रिय समाज में आक्रोश फैल गया और देशभर में विरोध-प्रदर्शन हुए। 26 मार्च 2025 को आगरा में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने संजय प्लेस स्थित रामजी लाल सुमन के आवास पर हमला कर दिया था। तोड़फोड़ और पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद भाजपा नेताओं ने भी सुमन के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने टिप्पणी को अनुचित बताते हुए महाराणा सांगा को शौर्य का प्रतीक और साझा पूर्वज बताया था। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने सुमन के बयान को तुष्टीकरण की राजनीति की हद पार करने वाला बताते हुए विरोध को स्वाभाविक प्रतिक्रिया कहा था।

विवाद के बाद क्षत्रिय संगठनों ने सुमन के आवास के पास ही महाराणा सांगा की प्रतिमा लगाने की मांग उठाई थी। भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव आगे बढ़ाया। भाजपा पार्षद शरद चौहान ने भी स्पीड कलर लैब तिराहे का नाम राणा सांगा चौक करने का प्रस्ताव नगर निगम में रखा था। मंगलवार को भूमि पूजन के साथ इस प्रस्ताव ने जमीन पर आकार लेना शुरू कर दिया है।